उमरैण GSS पर हादसा: ठेकेदार की लापरवाही से 20 वर्षीय युवक करंट से झुलसा, जिला अस्पताल में भर्ती
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के उमरैण थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हादसा हो गया। उमरैण स्थित जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) पर कार्य कर रहे 20 वर्षीय युवक महेंद्र गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गया। जानकारी के अनुसार, महेंद्र वहां पर ठेकेदार के अधीन कार्यरत था। बताया जा रहा है कि लाइट काटने के लिए कहा गया था, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के चलते अचानक से बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। उसी दौरान लोहे का सरिया बिजली के तार से टच हो गया, जिससे महेंद्र तेज करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों और परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल जिला अस्पताल अलवर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया। फिलहाल महेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म हैं। परिजनों का आरोप है कि यह पूरा हादसा ठेकेदार की घोर लापरवाही का नतीजा है। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद बिना सूचना के बिजली चालू की गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। परिजनों ने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा एक बार फिर से बिजली विभाग और ठेकेदारों की लापरवाही पर सवाल खड़ा करता है। सुरक्षित कार्य के लिए जरूरी सावधानियों की अनदेखी मजदूरों की जान पर भारी पड़ रही है।