पुलिस थाना आसीन्द द्वारा थाना क्षेत्र में किसानों के खेतों में टयूबेल व कुओं से मोटर व केबिल चोरी की 17 वारदातों का खुलासा
चोरी हुई 02 विधुत मोटर, 250 फीट केबिल व 33 किलो तांबे का जलाया तार को बरामद किया, व घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाईकिल जब्त कर खरीददार सहित 04 अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया
भीलवाड़ा (बद्रीलाल माली) आसींद पुलिस ने किसानों के ट्यूबवेल और कुओं से मोटर व केबिल चोरी की 17 वारदातों का खुलासा किया है। इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विद्युत मोटर, 250 फीट केबिल, 33 किलो जला हुआ तांबे का तार और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। यह कार्रवाई थानाधिकारी हंसपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 21 नवंबर को मारवों का खेड़ा निवासी नारायण गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 6 नवंबर की रात उनके ट्यूबवेल से 3 HP मोटर, केबिल, पाइप और रस्सा चोरी हो गया था। इसके बाद आसपास के खेतों में भी इसी तरह की चोरी की कई घटनाएं सामने आईं।
20 नवंबर की रात ग्रामीणों ने विक्रम भील नामक व्यक्ति को केबिल जलाते हुए देखा। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान विक्रम ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में चोरी की इन वारदातों को अंजाम दे रहा था।
विक्रम की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी शबरात मोहम्मद और छोटू भील को भी गिरफ्तार कर लिया। चोरी का माल खरीदने वाले सुनील खटीक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों से कुल 2 विद्युत मोटर, 250 फीट केबिल, 33 किलो जला हुआ तांबा और दो क्षतिग्रस्त मोटरें बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपियों ने अब तक 17 चोरी के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।