जिले में चोरों का आतंक कृतिका ज्वेलर्स से लाखों के आभूषण चोरी
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र अंतर्गत साठ फीट रोड पर स्थित कृतिका ज्वेलर्स की दुकान में देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोर दुकान के ताले तोड़कर भीतर घुसे और करीब 10 से 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार के पड़ोसियों ने दुकान के टूटे हुए ताले देखे तो इसकी सूचना दुकानदार और पुलिस को दी गई।
कृतिका ज्वैलर्स के मालिक बंटी ने बताया कि वह सूर्य नगर का निवासी है और साठ फीट रोड पर उसकी ज्वैलर्स की दुकान है। रोजाना की तरह रात को दुकान बंद कर वह घर चला गया था। सुबह पड़ोसी ने फोन कर बताया कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचकर देखा तो दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और ज्वेलरी गायब थी। प्रारंभिक आकलन में करीब 10 से 12 लाख रुपये की चोरी होना सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा दुकान के अंदर और आसपास के हालात का जायजा लिया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटनाक्रम की जांच कर रही है।