पंच गौरव थीम पर केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में स्वच्छता अभियान 23 दिसंबर को
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) सुशासन सप्ताह की मंशा को साकार करने एवं राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में पंच गौरव थीम के अंतर्गत एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित होगा।
वन संरक्षक (डीएफओ) चेतन कुमार बीवी ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 23 दिसंबर प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पार्क क्षेत्र, भ्रमण पथों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस स्वच्छता अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ आमजन एवं पर्यटकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। अभियान में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पर्यावरण प्रेमी, स्वयंसेवी संगठन तथा स्थानीय नागरिक सक्रिय सहभागिता करेंगे। यह पहल सुशासन सप्ताह के तहत स्वच्छ, सुंदर एवं संरक्षित पर्यटन स्थलों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।