संभावित शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूर्णतः सतर्क, CMHO के मार्गदर्शन में जिलेभर में व्यापक तैयारी

Dec 24, 2025 - 13:44
 0
संभावित शीतलहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूर्णतः सतर्क, CMHO के मार्गदर्शन में जिलेभर में व्यापक तैयारी

 सिरोही (रमेश सुथार) आगामी शीतकालीन मौसम को देखते हुए प्रदेश सहित देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से न्यूनतम तापमान दर्ज होने की संभावना मौसम विभाग द्वारा व्यक्त की गई है। इस संभावित शीतलहर को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सिरोही द्वारा पहले से ही सतर्कता बरतते हुए आवश्यक तैयारी एवं एहतियाती कदम उठाए गए हैं, ताकि शीतलहर के कारण होने वाली जन-धन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) सिरोही डॉ. दिनेश खराड़ी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (DyCMHO) डॉ. एस.पी. शर्मा द्वारा जिले के समस्त चिकित्सा संस्थानों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के अंतर्गत जिला चिकित्सालय सिरोही एवं शिवगंज, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) शामिल हैं।

जारी दिशा-निर्देशों में शीतलहर के दौरान ओपीडी एवं 24 घंटे की आपातकालीन सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित रखने, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की पर्याप्त उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों की निरंतर निगरानी एवं प्राथमिकता से उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य संस्थानों में ठंड से बचाव हेतु पर्याप्त कंबल, हीटर, गर्म पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ ठंड से होने वाली बीमारियों जैसे हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम, निमोनिया, हृदय एवं श्वसन संबंधी समस्याओं के त्वरित उपचार हेतु चिकित्सकीय स्टाफ को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

शीतलहर के दौरान बेघर, निराश्रित एवं असहाय व्यक्तियों के जीवन की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत ऐसे व्यक्तियों को अस्थायी एवं स्थायी रैन बसेरों में स्थानांतरित कर प्राथमिक चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त आशा, एएनएम एवं अन्य फील्ड स्टाफ को अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर शीतलहर से बचाव संबंधी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने, जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति की तुरंत सूचना उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे शीतलहर के दौरान पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें, रात में खुले आसमान के नीचे सोने से बचें, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, अलाव जलाते समय सावधानी बरतें तथा ठंड से संबंधित किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में संपर्क करें।

स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा जताया है कि समय रहते की गई इन व्यापक तैयारियों से शीतलहर के दौरान आमजन को सुरक्षित रखा जा सकेगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................