पावा में गूंजा 'खाकी' का सम्मान: 7 मंदिरों में चोरी का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम का भव्य अभिनंदन
तखतगढ़ / पाली / बरकत खा। थाना क्षेत्र के पावा गांव में सोमवार को पुलिस और पब्लिक के बीच अटूट विश्वास की तस्वीर देखने को मिली। गोमतीवाल ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित एक विशेष समारोह में तखतगढ़ थाना पुलिस का चोरियों के राजफाश पर साफा और माला पहनाकर बहुमान किया गया।
सफलता की गूंज: विदित रहे कि एक माह पूर्व सती माता मंदिर सहित कुल 7 मंदिरों और घरों में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। थाना प्रभारी शैतान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद इन वारदातों का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस सफलता पर सती माता कमेटी और गोमतीवाल ब्राह्मण समाज ने पुलिस का हौसला बढ़ाया।
सुरक्षा का मंत्र: सम्मान समारोह के दौरान थाना अधिकारी शैतान सिंह व हेड कांस्टेबल पदमाराम ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने अपील की कि सुरक्षा के मद्देनजर मंदिरों व मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जाएं। साथ ही, गांव में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।
ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में कांग्रेस नेता नेपाल सिंह पावा, पार्षद भंवर मीणा, भाजपा नेता दिनेश कुमावत, समाजसेवी छगनलाल सोलंकी, कमलेश कुमार, प्रकाश चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मीडियाकर्मी उपस्थित रहे। समाज के वरिष्ठ जनों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र की शांति के लिए जरूरी बताया।