ललावंडी के युवाओं ने पेश की मिसाल: जल जीवन मिशन की खुदाई से बदहाल गांव को श्रमदान से संवारा, खुद बनाई पक्की नालियां
ललावंडी (रामगढ़ / अलवर) कहते हैं अगर युवा शक्ति कुछ ठान ले तो व्यवस्थाओं की सुस्ती को मात दी जा सकती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है ललावंडी गांव के युवाओं ने। पिछले कई दिनों से 'जल जीवन मिशन' के तहत पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों और टूटी नालियों के कारण पूरा गांव कीचड़ की चपेट में था। प्रशासन की अनदेखी से परेशान महिलाओं और बच्चों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया था।
तीन दिन तक चला महा-सफाई अभियान -
गांव के समाजसेवी धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में युवाओं ने मिलकर गांव की सूरत बदलने की ठानी। लगातार तीन दिनों तक चले इस विशेष श्रमदान अभियान में युवाओं ने न केवल गंदगी साफ की, बल्कि पीडब्ल्यूडी ठेकेदार परमजीत पुंज के सहयोग से टूटी हुई नालियों का पक्का निर्माण भी करवाया।
महिलाओं ने भी बढ़ाया हाथ-
इस नेक कार्य में केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि गांव की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। धर्मेंद्र यादव ने बताया कि जल जीवन मिशन के कार्यों के बाद गांव की गलियां नर्क बन चुकी थीं, लेकिन युवाओं की एकजुटता ने इसे फिर से चलने लायक बना दिया है।
इन्होंने निभाया मुख्य योगदान-
इस दौरान देवकरण शर्मा, खेमचंद राजपूत, कृष्ण शर्मा, रणजीत सिंह, परमजीत सिंह, नरेश राजपूत, बाबूलाल शर्मा (लाइनमैन), नितेश शर्मा, विजय शर्मा, हैप्पी राजपूत, प्रेमसिंह, हरिओम शर्मा, विकास राजपूत और मनजीत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।