स्कॉर्पियो की टक्कर से गोलगप्पे वाले की मौत, सदर थाना पुलिस जांच में जुटी
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाजू की पुलिया के समीप एक हादसे में गोलगप्पे का ठेला लगाने वाले व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार फतेह सिंह निवासी थानागाजी एवं वर्तमान में भीम नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। वह रोज़ की तरह गोल गप्पे बेचकर गोलगप्पे की गाड़ी लेकर घर लौट रहे था।
इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे फतेह सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अलवर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप कर मामले की जांच कर रही है।