पीएनबी के शाखा प्रबंधक ने दो अन्य साथी कर्मचारियों के साथ मिलकर बैंक से उड़ाया करीब 6.50 करोड़ का सोना

Feb 3, 2026 - 14:55
 0
पीएनबी के शाखा प्रबंधक ने दो अन्य साथी कर्मचारियों के साथ मिलकर बैंक से उड़ाया करीब 6.50 करोड़ का सोना

बैंक के स्ट्रांग रूम स्थित गोल्ड सेफ में रखे स्वर्ण आभूषण के 76 पैकेट में से 4198 ग्राम सोना चोरी

झुंझुनूं  (सुमेर सिंह राव) झुंझुनूं जिले में नवलगढ़ कस्बे के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में रक्षक ही भक्षक बन गए। बैंक के शाखा प्रबंधक ने दो साथी कर्मचारियों के साथ मिलकर बैंक के स्ट्रांग रूम में रखी गोल्ड सेफ में से करीब 6.50 करोड़ रुपए कीमत के लगभग चार किलो से अधिक वजन के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। मामले में बैंक के वर्तमान वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग ने रविवार को नवलगढ़ पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया। दर्ज मुकदमे के अनुसार ग्राहकों को दिए गए गोल्ड लोन के बदले स्ट्रांग रूम की गोल्ड सेफ में सोने के आभूषणों के सैंकड़ों पैकेट रखे हुए थे। इनमें से 73 गोल्ड पैकेट में रखे असली सोने के आभूषण निकालकर नकली आभूषण रख दिए तथा तीन पैकेट में रखे गए आभूषणों का जांच के दौरान वजन कम पाया गया। बैंक द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में लगभग 4 किलो 198 ग्राम सोने के आभूषण नहीं मिले। इसके अलावा और कितना सोना चोरी हुआ इसका विस्तृत जांच पूर्ण होने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित कुमार पुत्र मातादीन निवासी सीथल तहसील उदयपुरवाटी जिला झुंझुनूं, बैंकिंग कॉरेस्पोडेंट संतोष कुमार सैनी पुत्र महावीरप्रसाद सैनी निवासी बाजीवाली ढाणी झाझड़ तहसील नवलगढ़ जिला झुंझुनूं व उप प्रबंधक अनंतप्रकाश चौधरी पुत्र ओमप्रकाश निवासी मुकुंदगढ़ तहसील नवलगढ़ जिला झुंझुनूं के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संगीन धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
गोल्ड सेफ का चार्ज बैंक के दूसरे अधिकारी को देने के समय खुली पोल
दरअसल गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों द्वारा बैंक में गिरवी रखे गए आभूषणों की स्ट्रांग रूम स्थित दो चाबियों से खुलने वाली गोल्ड सेफ की संयुक्त अभिरक्षा की जिम्मेदारी तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित कुमार व उप प्रबंधक अनंतप्रकाश चौधरी के पास थी। हाल ही में 28 जनवरी 2026 को बैंक शाखा की उप प्रबंधक सीमा महला को गोल्ड सेफ की संयुक्त अभिरक्षा का चार्ज देते समय गोल्ड सेफ की जांच की गई। जांच में सामने आया कि सेफ में रखे गए सोने के आभूषणों के पैकेटों में छेड़छाड़ की हुई है। इसके बाद बैंक प्रबंधन की ओर से आंतरिक जांच शुरू हुई। जिसमें 73 गोल्ड पैकेट में नकली आभूषण तथा तीन गोल्ड पैकेट में रखे आभूषणों का वजन कम पाया गया। मौजूदा वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग के अनुसार कुल 4198 ग्राम वजन के सोने के आभूषण कम पाए गए।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आए तथ्य
बैंक प्रबंधन द्वारा 28 जनवरी को शुरू की गई आंतरिक जांच के दौरान बैंक शाखा में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जिसमें 21 जनवरी 2026 को शाम 6.50 बजे तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित कुमार व बैंकिंग कॉरेस्पोडेंट संतोष कुमार सैनी स्वर्ण आभूषणों को बॉक्स में भरकर शाखा से बाहर जाते दिखाई दिए। इसके बाद 22 जनवरी 2026 को शाम 6.30 बजे स्ट्रांग रूम स्थित गोल्ड सेफ में रखे स्वर्ण पैकेट में छेड़छाड़ करते दिखाई दिए। जांच में पाया गया कि उप प्रबंधक अनंत कुमार चौधरी के पास गोल्ड सेफ की संयुक्त अभिरक्षा के तहत एक चाबी रहती थी। अनंतप्रकाश ने अपनी चाबी भी वरिष्ठ शाखा प्रबंध अमित कुमार को सौंप दी।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................