पोर्टल पर खाता अपडेट व सत्यापन नहीं होने से 25 हजार 828 लोगों की पेंशन अटकी; 5146 को 9 माह से नहीं मिला भुगतान
खैरथल (हीरालाल भूरानी) पेंशन पोर्टल पर बैंक खाता नंबर अपडेट और सत्यापन नहीं होने के कारण खैरथल-तिजारा जिले में 25828 पेंशनधारियों की पेंशन अटकी हुई है। इनमें से 5146 पेंशनधारी ऐसे हैं, जिनका सत्यापन हो चुका है, लेकिन बैंक खाता अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें जून से अब तक 9 माह से पेंशन नहीं मिली। वहीं 20682 पेंशनधारियों का सत्यापन नहीं होने की वजह से दिसंबर से तीन माह की पेंशन लंबित है। पेंशन नहीं मिलने से जिले के बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
- जिले में 1.09 लाख पेंशनधारी, 18.84 प्रतिशत का सत्यापन नहीं
जिले में कुल 1 लाख 9 हजार 780 पेंशनधारी पंजीकृत हैं। इनमें से केवल 89098 पेंशनधारी (81.16%) का ही सत्यापन हो सका है। शेष 18.84 प्रतिशत पेंशनधारी अब तक सत्यापित नहीं हो पाए हैं। ग्रामीण इलाकों में 17574 पेंशनधारी सत्यापन से वंचित हैं। इनमें अकेले तिजारा ब्लॉक में 9931 पेंशनधारियों की पेंशन अटकी हुई है, जो जिले में सबसे अधिक है।
अन्य ब्लॉकों में किशनगढ़ बास में 3694, कोटकासिम में 2495 और मुण्डावर में 1454 पेंशनधारी प्रभावित हैं। शहरी क्षेत्र में भी 3108 पेंशनधारियों को भुगतान नहीं मिला है। इनमें भिवाड़ी में 720, खैरथल नगर में 603, तिजारा नगर में 684 और किशनगढ़बास नगर में 451 पेंशनधारी शामिल हैं।
- 75 वर्ष से कम उम्र के पेंशनधारी सबसे ज्यादा प्रभावित
आंकड़ों के अनुसार सत्यापन से वंचित पेंशनधारियों में 15585 पेंशनधारी 75 वर्ष से कम आयु के हैं, जबकि 5035 पेंशनधारी 75 से 99 वर्ष आयु वर्ग के हैं।
इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जिला खैरथल के उपनिदेशक रमेश दहमीवाल ने बताया कि बीएसआर कोड में बदलाव, बैंक खाते से आधार और मोबाइल नंबर लिंक नहीं होने तथा पोर्टल पर जानकारी अपडेट नहीं होने के कारण यह समस्या सामने आई है। पेंशनधारियों को ई-मित्र, पंचायत कार्यालय, बीडीओ या सामाजिक न्याय कार्यालय में जाकर अपना खाता सत्यापित कराना होगा। खाता अपडेट होते ही लंबित पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा। 28 फरवरी तक अपना सत्यापन करवा लें।

