गोविंदगढ़ में ऑनलाइन ठगी का आरोपी गिरफ्तार:साइबर संग्राम अभियान 2.0 के तहत हुई कार्रवाई, आरोपी सोशल मीडिया पर करता था सस्ते फोन बेचने का दावा
अलवर जिले के गोविंदगढ़ में पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
गोविंदगढ़ थानाधिकारी धर्मसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी साधनों का उपयोग कर दबिश दी। आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जियो कंपनी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन सस्ते दामों पर बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार (28) पुत्र गिर्राज प्रसाद के रूप में हुई है। वह अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के हरसौली का निवासी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी धर्मसिंह (पुलिस निरीक्षक), बृजेंद्र सिंह (सहायक उपनिरीक्षक), कांन्स्टेबल मुरारी लाल और कांन्स्टेबल गिर्राज सिंह शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।