खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खेड़ली में की कार्रवाई, कई खाद्य पदार्थ किये जप्त
खेड़ली / दिनेश लेखी
कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अलवर के निर्देशानुसार मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अभियान चलाया। जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक लखेरा, जय सिंह यादव व केशव गोयल की टीम ने कई दुकानों पर छापा मारकर विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और खराब या एक्सपायरी सामान को जप्त किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी केशव अग्रवाल ने बताया कि टीम ने खेड़ली में विभिन्न खाद्य कारोबार कर्ताओं के यहां से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और मिलावट की आशंका पर कई खाद्य पदार्थ जप्त किए। जिसमें चंद्र एग्रो सीड्स कंपनी से 2150 किलो आटा, ब्रेड टोस्ट निर्माण इकाई सांवरिया एंटरप्राइजेज से 2590 पैकेट टोस्ट तथा बाबूलाल जिनेंद्र कुमार से 35 लीटर घी जप्त किया गया।
वही खाद्य सुरक्षा टीम ने दामोदर लाल ओमप्रकाश से हल्दी पाउडर और मिर्च पाउडर, सतनारायण धर्मचंद से हल्दी पाउडर और मिर्च पाउडर, बाबूलाल जिनेंद्र कुमार से मसाला और घी, सतीश डेरी से घी के नमूने लिए गए।
इधर टीम ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि कस्बे के सभी खाद्य कारोबार कर्ताओं को साफ सफाई से कार्य करने, अपनी खाद्य सामग्री को ढककर बिक्री करने और अपने खाद्य लाइसेंस को दुकान पर लगाकर बिक्री करने को निर्देशित किया। तथा विभिन्न खाद्य कारोबार कर्ताओं को fssa 2006 के नियमों की भी जानकारी प्रदान की गई।