खैरथल अनाज मंडी में सियासी सरगर्मी तेज; 349 व्यापारी 7 मार्च को चुनेंगे अध्यक्ष, मंडी में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में विशिष्ट पहचान रखने वाली खैरथल अनाज मंडी में शनिवार, 7 मार्च को अध्यक्ष पद का चुनाव सम्पन्न होगा। मंडी के 349 लाइसेंसधारी व्यापारी अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए अध्यक्ष का चयन करेंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही मंडी परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव अधिकारी दिनेश डाटा एवं केदार खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 'अ' श्रेणी की इस मंडी में अध्यक्ष पद अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। मंडी संचालन, व्यापारिक नीतियों एवं प्रशासनिक समन्वय में अध्यक्ष की भूमिका निर्णायक रहती है, ऐसे में इस पद के लिए मुकाबला रोचक होने की संभावना है।
दो प्रमुख नाम चर्चा में : अब तक चुनावी मैदान में दो नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। दोनों ही व्यापारी . वर्ग में सक्रिय माने जाते हैं, जिससे मुकाबला सीधा और कांटे का होने की चर्चा है। दोनों और अपनी जीत के दावे किये जा रहे है हालांकि अंतिम तस्वीर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
नामांकन से मतगणना तक पूरा कार्यक्रमः चुनाव अधिकारी डाटा के अनुसार नामांकन प्रक्रिया गुरुवार, 5 मार्च से प्रारम्भ होगी। नामांकन समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा नाम वापसी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा!
मतदान 7 मार्च, शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक वहीं मतगणना अपराह्न 3:30 बजे से आरम्भ होंगी परिणाम शाम तक घोषित कर दिया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए 1000 रुपये का नामांकन शुल्क निर्धारित किया गया है। चुनाव की समस्त प्रक्रिया व्यापार समिति कार्यालय में सम्पन्न होगी।
मंडी में रहेगा अवकाश - चुनाव के मद्देनजर शनिवार को मंडी में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान सभी व्यापारिक गतिविधियां पूर्णतः बंद रहेंगी। मंडी प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है। खैरथल की लगभग एक लाख की आबादी वाले क्षेत्र में यह चुनाव केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे व्यापारिक तंत्र के लिए अहम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें सात मार्च को होने वाले मतदान और शाम को घोषित होने वाले परिणाम पर टिकी हैं।