100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान के अंतर्गत महिला दिवस मनाया
उमरैन / कमलेश जैन
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शिव शिक्षा समिति रणोली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कवच परियोजना के अंतर्गत चल रहे 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत पंचायत समिति भवन, उमरैन में महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा बाल विवाह, घरेलू हिंसा, शोषण और जबरन श्रम जैसे मुद्दों पर जानकारी देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के परिचय, सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई तथा उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा नालसा थीम सॉन्ग गाया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिव शिक्षा समिति रणोली के ब्लॉक कॉर्डिनेटर जगतनारायण जी एवं रुबिया द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोहनलाल सोनी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (एडीजे), अलवर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कम उम्र में गर्भधारण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है और बाल विवाह से लड़कियों की शिक्षा बाधित होती है, इसलिए समाज को मिलकर इस कुप्रथा को रोकना होगा।
सुश्री सरस्वती, असिस्टेंट लीगल एंड डिफेंस काउंसल, अलवर ने नालसा के राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत आमजन को उपलब्ध जनोपयोगी सेवाओं एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी।
श्रीमती दया गर्ग, अधिवक्ता एवं कॉर्डिनेटर महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, अलवर ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और जबरन श्रम के विषय में विस्तार से जानकारी दी। वहीं श्रीमती रश्मि वशिष्ठ, काउंसलर एवं मेडिएटर ने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं, घरेलू हिंसा और शोषण से संबंधित महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग से लेडी सुपरवाइजर श्रीमती अंजू गांधी एवं श्रीमती निधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथिन तथा क्षेत्र की कई महिलाएं उपस्थित रहीं।