महुवा के पाडली के पास पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर पलटा, बड़ा हादसा टला—हाईवे पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने राजमार्ग को किया वन-वे
महुवा (अवधेश अवस्थी) महुवा उपखंड क्षेत्र में जयपुर आगरा रोड पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब पेट्रोल-डीजल से भरा एक टैंकर जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पाडली के समीप पर अचानक एक महिला और किसान बग्गा को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना महुवा क्षेत्र के बालाहेड़ी के समीप ग्राम पाडली के पास हुई। टैंकर पलटने से कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर जयपुर की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सड़क पर सामने एक जुगाड़ वाहन और एक महिला आ गई। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने टैंकर को मोड़ने की कोशिश की, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टैंकर अनियंत्रित होकर राजमार्ग के बीचो-बीच पलट गया।
घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर पलटने की सूचना से लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल भी बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बालाहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। किसी प्रकार की अनहोनी से बचाव के लिए पुलिस ने राजमार्ग को कुछ समय के लिए वन-वे कर दिया और वाहनों को सावधानीपूर्वक निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों को भी टैंकर से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल महुवा पुलिस उपाधीक्षक मनोहर लाल मीणा सहित पुलिस और प्रशासन की निगरानी में यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया गया घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्र हो गई और हाईवे पर देर तक जाम की स्थिति बनी रही। जिसे पुलिस ने पहुंचकर यातायात को सुचारू रूप से चालू करवाया