अटल जन सेवा शिविर में जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) उपखण्ड अधिकारी भारती गुप्ता द्वारा गुरुवार को आयोजित होने वाले अटल जन सेवा शिविर के अंतर्गत पंचायत समिति सेवर में जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में समस्त विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान कुल 25 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें बिजली, पानी, अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याएं शामिल थीं। इनमें से संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा 5 परिवादों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष परिवादों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समस्याओं का शीघ्र समाधान कर परिवादियों को अवगत कराया जाए।
उपखण्ड अधिकारी द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरसो में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में निवासरत छात्राओं से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया।
उपखण्ड अधिकारी ने छात्रावास के रजिस्टरों का संधारण समय पर किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास की मूलभूत सुविधाओं की भी बारीकी से जांच की तथा छात्रावास प्रबंधन को रसोई, भंडारण कक्ष एवं संपूर्ण छात्रावास परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।