समय से पहले स्कूल बंद मिलने पर शिक्षकों पर कार्रवाई: गोविंदगढ़ में निरीक्षण करने पहुंचे थे CBEO, जांच के दिए आदेश; कर्मचारियों की सैलरी रोकने के आदेश
गोविंदगढ़ ब्लॉक में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विश्वजीत सिंह को औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहीद राहुल राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को तय समय से काफी पहले बंद पाया। यह घटना शिक्षा विभाग में अनुशासन और समयबद्धता को लेकर बरती जा रही लापरवाही को उजागर करती है।
- परीक्षाएं चलने के बावजूद समय से पहले बंद मिला स्कूल
मिली जानकारी के अनुसार, CBEO विश्वजीत सिंह ने दोपहर 3:45 बजे विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि वार्षिक परीक्षाओं का दौर चलने के बावजूद पूरा विद्यालय परिसर खाली था और मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। विद्यालय का निर्धारित समय समाप्त नहीं हुआ था, लेकिन शिक्षकों ने समय से पूर्व ही स्कूल छोड़ दिया था।
शिक्षा व्यवस्था में इस गंभीर लापरवाही पर CBEO विश्वजीत सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इसे राजकीय कर्तव्यों के प्रति बड़ी कोताही माना है। तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्होंने कई आदेश जारी किए हैं।
- अध्यापकों की सैलरी रोकने के आदेश
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के संस्था प्रधान को निर्देशित किया है कि आगामी आदेशों तक उस दिन उपस्थित सभी अध्यापकों का वेतन का भुगतान न किया जाए। इसके अलावा, संस्था प्रधान को 2 दिन के भीतर इस पूरे मामले पर एक तथ्यात्मक रिपोर्ट कार्यालय में पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
- जांच के दिए आदेश
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, गोविंदगढ़, विश्वजीत सिंह ने कहा, "परीक्षाओं के समय शिक्षकों का इस तरह गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। विद्यालय समय से पहले बंद मिलना शिक्षण व्यवस्था और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।"
इस कार्रवाई के बाद ब्लॉक के अन्य सरकारी विद्यालयों में भी खलबली मच गई है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।