ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार शिक्षिका की दर्दनाक मौत, बहन घायल
चौरीचौरा (गोरखपुर / शशि जायसवाल) चौरीचौरा क्षेत्र के निबिहवा रेलवे ओवरब्रिज के पास शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बहन घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर देवरिया की ओर फरार हो गया। घटना के चलते गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
चौरी गांव के टोला रामनगर निवासी 24 वर्षीय श्रेहा विश्वकर्मा फुटहवा इनार स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। शनिवार सुबह करीब सवा आठ बजे वह अपनी 20 वर्षीय बहन खुशी के साथ स्कूटी से स्कूल जा रही थीं।
निबिहवा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक धर्मकांटा के पास गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद शिक्षिका सड़क पर गिर गईं और ट्रक का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।