सीएसआर सेमिनार एवं एमएसएमई जागरूकता कार्यक्रम का 19 मार्च को भरतपुर मे होगा आयोजन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र एवं उद्योग प्रोत्साहन संस्थान द्वारा जिले में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन देने तथा उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सीएसआर सेमिनार एवं एमएसएमई जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 19 मार्च को किया जाएगा।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र महाप्रबंधक सीएम गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम 19 मार्च गुरूवार को प्रातः 11 बजे होटल लैंडमार्क, भरतपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व के अंतर्गत संचालित गतिविधियों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रोत्साहनों एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में जिले के औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रमुख उद्यमी, स्टार्टअप प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमिता से जुड़े हितधारक भाग लेंगे। विशेषज्ञों द्वारा योजनाओं का प्रस्तुतीकरण करते हुए उद्यमियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा। महाप्रबंधक ने सभी संबंधित उद्यमियों, औद्योगिक संगठनों एवं इच्छुक प्रतिभागियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।