जिला-एक उत्पाद प्रदर्शनी का शुभारंभ, स्थानीय उत्पादों को मिला प्रोत्साहन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान दिवस समारोह के अंतर्गत जिले के पंच-गौरव को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में आयोजित तीन दिवसीय एक जिला-एक उत्पाद प्रदर्शनी का शुभारंभ भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता द्वारा फीता काटकर किया गया।
उपखंड अधिकारी ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के अनुरूप आयोजित इस प्रदर्शनी में जिले के चयनित कृषि आधारित उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इसमें खाद्य तेल, शहद, अचार-मुरब्बा सहित विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों की आकर्षक स्टॉलें लगाई गई हैं, जिससे शहरवासियों को स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता का लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रदर्शनी में लगी 20 से अधिक स्टॉलों का अवलोकन भी किया। 3 दिवसीय इस प्रदर्शनी में आमजन को एक ही स्थान पर बेहतरीन स्टोन प्रोडक्ट्स और स्थानीय उत्पादों की अनूठी झलक देखने को मिल रही है।
जिला उद्योग महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि स्टोन मार्ट के माध्यम से जिले की व्यापारिक एवं कलात्मक क्षमता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी में चिन्हित विशेष उत्पादों के साथ सैंड स्टोन प्रोसेसिंग इकाइयों के उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके अतिरिक्त जयपुर एवं अन्य जिलों के दस्तकारों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट स्टोन आर्टिकल्स भी आकर्षण का केंद्र रहे।
इस अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी सूर्यकांत पांडे, उपेंद्र श्रीवास्तव जिला अग्रणी प्रबंधक पीएनबी, कविता गोयल जिला संयोजिका महिला मोर्चा भाजपा, हरप्रीत कौर अध्यक्ष लघु उद्योग भारती महिला इकाई सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।