राष्ट्रीय अनिरुद्ध भार्गव पर्यावरण पुरस्कार से सम्मानित हुए जाजू
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इंटेक भीलवाड़ा के कन्वीनर एवं पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू को राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित अनिरुद्ध भार्गव पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किया गया।
दिल्ली में आयोजित समारोह में मिला सम्मान
यह सम्मान इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इन्टैक) के मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित एनुअल जनरल मीटिंग के दौरान प्रदान किया गया। जाजू को उनके आजीवन समर्पण, निष्ठा और प्रभावशाली कार्यों के लिए चुना गया।
स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र और एक लाख रुपये का चेक
समारोह में इन्टैक के चेयरमैन अशोक ठाकुर, मेंबर सेक्रेटरी डॉ. रविन्द्र सिंह एवं चैप्टर्स डिवीजन डायरेक्टर अरविंद शुक्ला ने बाबूलाल जाजू को स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र तथा एक लाख रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया।
परिवार की मौजूदगी में मिला गौरव
इस अवसर पर जाजू के साथ उनकी पत्नी सुशीला जाजू और पुत्री अस्मिता चौधरी भी उपस्थित रहीं। देशभर के विभिन्न इन्टैक चैप्टर्स में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर उनका चयन किया गया।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में अहम भूमिका
उल्लेखनीय है कि बाबूलाल जाजू ने वर्षों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने— वन्यजीव संरक्षण, नदियों और जल स्रोतों का पुनर्जीवन, व्यापक स्तर पर पौधारोपण, जंगलों का संरक्षण, जलाशयों का पुनरुद्धार, हरित आवरण बढ़ाने, जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसके साथ ही पशु कल्याण के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है।
देशभर से मिली शुभकामनाएं
इस अवसर पर इन्टैक एजुकेशन डायरेक्टर पूर्णिमा दत्त एवं प्राकृतिक विरासत निदेशक मनु भटनागर सहित देशभर से आए इन्टैक चैप्टर कन्वीनर्स ने जाजू को शुभकामनाएं दीं।