संभागीय आयुक्त ने नदबई के ग्राम ऊँच में की जनसुनवाई; मौके पर समस्याओं का निस्तारण पाकर खुश हुए ग्रामीण
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया द्वारा गुरूवार को पंचायत समिति नदबई की ग्राम पंचायत ऊँच में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई की गई। जनसुनवाई में कुल 24 परिवाद प्राप्त हुए।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समयबद्धता से निराकरण किया जाये जिससे बार-बार कार्यालयों के चक्कर नही लगाने पडे़। उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज समस्या हो या कार्यालय में नियमित सुनवाई के समय प्राप्त हुई हो अधिकारी स्वयं के स्तर पर जांच कर संवेदनशीलता से समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रभावित करने वाली मूलभूत सुविधाओं से संबन्धित समस्याओं का त्वरित निराकरण कर परिवादी को विभागीय कार्यवाही से भी अवगत कराऐं। उन्होंने मौसम को देखते हुए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, पेयजल उपलब्धता के लिए संबन्धित विभागों को कार्ययोजना बनाकर सुदृढ व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। सभी चिकित्सा संस्थानों में मौसम जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं के साथ मुख्यालय पर रखने के लिए पाबंद करें।
जनसुनवाई में राजस्व विभाग के अतिक्रमण एवं पीएम किसान से संबंधित 4 परिवाद, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित 9, पीएचईडी विभाग के पेयजल संबंधी समस्या से संबंधित 3, पंचायती राज विभाग के 5, जेवीवीएनएल के 2 एवं शिक्षा विभाग से संबंधित 1 परिवाद प्राप्त हुए। जनसुनवाई में बालचंद पुत्र गंगाराम द्वारा पेंशन की राशि नहीं मिलने से संबंधित परिवाद प्रस्तुत करने पर संभागीय आयुक्त द्वारा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से परिवादी की पेंशन सत्यापित करवाकर परिवाद का निस्तारण किया गया। जनसुनवाई में पेयजल से संबंधित परिवादों पर सभागीय आयुक्त ने पेयजल संबंधी समस्या के निराकरण हेतु मोबाईल टीम गठित करने एवं प्राप्त शिकायतों का भौतिक रूप से सत्यापन कर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने समसा परिवादों को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर ऑनलाईन करने एवं परिवादों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु संबंधित अधिकारीगणों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी नदबई सचिन यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

