सेवानिवृत्त वायु सेना अधिकारी धर्मसिंह वर्मा का नेवाड़ा गांव में भव्य स्वागत; 20 वर्षों की सेवा के बाद गांव लौटे, तिरंगा रैली और सम्मान समारोह का आयोजन
भरतपुर (दिनेश लेखी) जिले के भुसावर उपखंड के ग्राम नेवाड़ा में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ नॉन कमीशंड ऑफिसर रैंक से सेवानिवृत्त होकर गांव पहुंचे धर्मसिंह वर्मा का ग्रामीणों द्वारा भव्य एवं जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस दौरान पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री एवं वर्तमान धौलपुर-करौली सांसद भजनलाल जाटव ने खेडली पहुंचकर धर्मसिंह वर्मा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गांव नेवाड़ा में धर्मसिंह वर्मा के आगमन पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं एवं साफा बांधकर उनका अभिनंदन किया। इसके साथ ही गांव में बाइक रैली के रूप में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो पूरे गांव में घूमते हुए खेडली तक पहुंची। रैली के दौरान देशभक्ति के गीतों पर युवा एवं ग्रामीण झूमते नजर आए।
सेवानिवृत्त वायु सेना अधिकारी धर्मसिंह वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें बचपन से ही देश सेवा का जज्बा था और भारतीय वायु सेना में रहकर देश की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि 20 वर्षों की सेवा के बाद 31 मार्च 2026 को वे सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने गांववासियों के स्नेह और सम्मान को अपने जीवन का अमूल्य क्षण बताया।

