जिला कलक्टर ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण; शहर के समग्र विकास एवं सौन्दर्यकरण का आमजन को मिले समय पर लाभ-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) शहर में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित करने की दिशा में जिला कलक्टर क़मर चौधरी ने शुक्रवार को भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रमुख सड़कों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सूरजपोल से मदरपुर रोड तथा एमएसजे कॉलेज से घासीराम तिराहे तक सड़क का दौरा कर मौके पर चल रहे कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सड़कों की सतह की मजबूती, जल निकासी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने एमएसजे कॉलेज से गोविंद सिंह सर्किल, गोविंद सिंह सर्किल से कन्नी गुर्जर सर्किल तथा सूरजपोल रोड से गोविंद सिंह सर्किल–कन्नी गुर्जर लिंक रोड के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत एवं कार्यान्वयन योग्य प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों में सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, हरित पट्टी विकास, स्ट्रीट लाइटिंग, साइन बोर्ड, पैदल पथ एवं समुचित जल निकासी जैसी सुविधाओं को शामिल किया जाए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू हो तथा सौंदर्यीकरण भी सुनिश्चित हो।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यों के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए उचित यातायात प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, अधीक्षण अभियंता योगेश माथुर, अधिशासी अभियंता डी.पी. शर्मा, बनवारी लाल शर्मा, बहादुर सिंह, जगदीश शर्मा, बृजेश कुमार एवं जितेंद्र नील सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


