ध्वजा रोहण के साथ सकट चौथ माता का दो दिवसीय वार्षिक मेला कल रविवार से होगा शुरू
सकट कस्बा स्थित प्राचीन चौथ माता मंदिर पर रविवार को ध्वजारोहण के साथ चौथ माता का दो दिवसीय वार्षिक मेला विधिवत शुरू होगा। सरपंच मालती देवी सैनी ने बताया कि शनिवार को मेले की सभी व्यवस्थाएं ग्राम पंचायत एवं मेला कमेटी द्वारा पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मेले के दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र व परिवार की सुख समृद्धि के लिए चौथ माता का व्रत रखकर चौथ माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी। मेले को लेकर ग्रामीणों द्वारा शाम 4 बजे चौथ माता मंदिर पर सामूहिक ध्वजा चढ़ाई जाएगी। ध्वज यात्रा कस्बे के मुख्य बाजार स्थित श्री थाई वाले हनुमान जी महाराज मंदिर से बैंड बाजों की स्वर लहरियों के बीच ध्वज पूजन के साथ विधिवत रवाना होगी जो कस्बे के मुख्य मार्ग होते हुए चौथ माता मंदिर पहुंचेगी।
इसी के साथ ही चौथ माता के दो दिवसीय वार्षिक मेले का आगाज होगा व रात्रि 9 बजे से पद दंगल शुरू होगा। मेले के दूसरे दिन सोमवार को चौथ माता का भरा भर मेला भरेगा व मेले में सायं 4 बजे से कुश्ती दंगल का कार्यक्रम शुरू होगा। वहीं रात्रि 9 बजे से ब्रज नौटंकी कला केंद्र मथुरा के कलाकारों के द्वारा सत्यवान सावित्री नाटक मंचन किया जाएगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा मेले में साफ सफाई जलपान रात्रि रोशनी की व्यवस्था की गई है। वही मेला कमेटी द्वारा मेले में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं सहित मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों के लिए भोजन व्यवस्था की गई है। मंदिर के पुजारी हितेश पाराशर ने बताया कि मेले को लेकर चौथ माता मंदिर पर विशेष सजावट कर सुगंधित फूलों से सजाया गया। मेले के अवसर पर की गई विद्युत सजावट के बाद चौथ माता मंदिर जगमागा उठा है। वही चौथ माता की प्रतिमा सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाओं की फूल बंगला झांकी सजाई गई है।


