ग्राम रथ अभियान में डीग जिले में ऊंटों सहित 18,927 पशुओं का किया गया मंगला पशु बीमा
डीग (नीरज जैन) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने के लिए जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस अभियान के तहत पशुपालन विभाग द्वारा जिले के पशुपालकों को मंगला पशु बीमा योजना और टीकाकरण अभियान से जोड़कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा और स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जा रहा है।
ग्राम बहज में विकास रथ का भव्य स्वागत और जन-जागरूकता
बुधवार को जब विकास रथ ग्राम पंचायत बहज पहुँचा, तो ग्रामीणों तथा सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने तिलक लगाकर और आरती कर रथ का पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित जनता, किसानों और पशुपालकों को राज्य सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दर्शाई गई। साथ ही, मौके पर विभागीय प्रचार सामग्री का वितरण कर आमजन को उनके हितों से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
मंगला पशु बीमा योजना से मिल रही पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा
उपनिदेशक पशुपालन विभाग भावना यादव द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अभियान के दौरान पशुओं के बीमे पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगला पशु बीमा योजना के तहत बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को जिले में 57 पशुओं का बीमा किया गया। मौके पर विभागीय अधिकारियों द्वारा ऊंटों का भी सफल बीमा किया गया, जो इस क्षेत्र के पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभकारी है। पशुपालन विभाग द्वारा इस योजना के अंतर्गत गाय, भैंस, भेड़, बकरी और ऊंट का बीमा किया जाता है। विभाग की इस सक्रियता के चलते डीग जिले में अब तक कुल 18,927 पशुओं का बीमा कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिससे हजारों पशुपालकों को एक बड़ा आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है।
2 लाख से अधिक पशुओं का खुरपका-मुंहपका टीकाकरण पूर्ण
पशुओं को मौसमी और गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान भी चलाया जा रहा है। बुधवार को जिले भर में 5,020 पशुओं का खुरपका-मुंहपका बीमारी से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया। इस सतत प्रयास के परिणामस्वरूप, डीग जिले में अब तक कुल 2 लाख 3 हजार पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से पशुपालन विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि सुशासन का लाभ और पशुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सीधे पशुपालकों के घर-आंगन तक पहुँचे।


