खेड़ा कल्याणपुर में विधिक जागरूकता शिविर संपन्न, श्रमिकों को बताए उनके अधिकार
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र के गांव खेड़ा कल्याणपुर में अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खेड़ा कल्याणपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर के अध्यक्ष अनंत भंडारी के मार्गदर्शन एवं सचिव मोहनलाल सोनी के आदेशानुसार संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष कुमार ने उपस्थित श्रमिकों एवं लाभार्थियों को श्रमिकों के अधिकारों, श्रम कानूनों एवं विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने न्यूनतम वेतन, कार्यस्थल पर सुरक्षा, कार्य के निर्धारित घंटे, महिला श्रमिकों के अधिकार तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पीएलवी दीपक बालोत ने ई-श्रम कार्ड पंजीकरण, श्रमिक पहचान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक दुर्घटना बीमा, पेंशन एवं अन्य आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार संभव है।
शिविर में नालसा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना, 2015) के अंतर्गत उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। श्रमिकों को बताया गया कि अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में वे किस प्रकार संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलवर से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान लाभार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और आवश्यक विधिक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने एवं किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान श्रमिकों के मूल अधिकार एवं श्रम कानून, न्यूनतम वेतन एवं कार्यस्थल सुरक्षा, महिला श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं (ESI, PF आदि), नालसा के तहत निःशुल्क विधिक सहायता, शिकायत निवारण प्रक्रिया के बारे में बताया गया
अंत में सभी को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में विद्यालय स्टाफ के नरसिंह बैरवा, विजय कुमार, मुकेश चंद मीना, कमलेश सैनी, देवीराम सैनी, लक्ष्मीकांत शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


