खुशियों के बीच मातम, लव-मैरिज से नाराज ममेरे भाई ने दूल्हे को गोलियों से भूना; तीन आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित
जौनपुर (शशि जायसवाल) जनपद के बीबीपुर क्षेत्र में बारात के दौरान दूल्हे आजाद बिंद की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह हत्या 'ऑनर किलिंग' से जुड़ा मामला है, जिसमें दुल्हन का ममेरा भाई प्रदीप बिंद मुख्य सूत्रधार है। पुलिस अधीक्षक ने फरार तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
शुक्रवार रात जब मृतक आजाद बिंद अपनी बारात लेकर बीबीपुर जा रहा था, तभी हाइडिल के पास अपाचे सवार हमलावरों ने कार रुकवाकर दूल्हे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आजाद के पेट और जबड़े में तीन गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय हमलावरों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा और आंखों पर चश्मा लगा रखा था, साथ ही बाइक की नंबर प्लेट पर भी कपड़ा बांधा हुआ था।
- विवाद की मुख्य वजह:
जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रदीप बिंद अपनी बहन सोनी और आजाद के प्रेम विवाह (Love Marriage) के सख्त खिलाफ था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी रवि यादव और लोकेशन देने वाले आरोपी भोले राजभर के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मृतक के भाई आकाश, जो घटना के समय कार में मौजूद थे, ने पुलिस को हमलावरों का हुलिया बताया। वहीं, दुल्हन सोनी ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को देखकर अपने ममेरे भाई प्रदीप की पहचान की है।
पुलिस ने प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


