सरकार सुशासन एवं अंत्योदय के लक्ष्य के साथ सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित- जवाहर सिंह बेढ़म
डीग (नीरज जैन) राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के उत्थान और सुशासन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह बात रविवार को डीग के गांव मवई में एक सामाजिक आयोजन में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कही।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय जनकल्याणकारी नीतियों और विकास योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि एक समृद्ध और सशक्त राजस्थान का निर्माण किया जा सके। गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि सामाजिक आयोजन केवल एकत्रीकरण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और हमारे उच्च सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने के महत्वपूर्ण आधार हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों द्वारा दर्शाए गए आत्मीय स्नेह, अपार उत्साह और अपनत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता-जनार्दन के बीच बैठकर सीधा संवाद करने से न केवल उनकी वास्तविक समस्याएं और आवश्यकताएं जानने का अवसर मिलता है, बल्कि शासन की नीतियों को और अधिक जनोपयोगी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव और अपेक्षाएं भी प्राप्त होती हैं।
क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी कटिबद्धता दोहराते हुए गृह राज्य मंत्री बेढम ने कहा कि मेरा संकल्प बृजनगर क्षेत्र को विकास, सुशासन और समृद्धि की एक नई और अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाना है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास, कृषि, गोपालन और पशुपालन के क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के साधनों को सुदृढ़ किया जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारिता स्वतंत्रता दिवस पर मीडिया जगत को दीं शुभकामनाएं
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारिता स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश और देश के समस्त पत्रकार बंधुओं को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की अपरिहार्य और गौरवशाली भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को वैचारिक रूप से जागरूक करने, धरातल की सच्चाई को बेबाकी से सामने लाने और जनहित की आवाज को शासन-प्रशासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और वंदनीय है।
उन्होंने अपने संदेश में जोर देते हुए कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और पूरी तरह से जिम्मेदार पत्रकारिता ही एक जीवंत और मजबूत राष्ट्र की वास्तविक पहचान होती है। गृह राज्य मंत्री ने इस अवसर पर सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर सत्य, जवाबदेही, पारदर्शिता और जनहित की भावना को और अधिक मजबूत करने का दृढ़ संकल्प लें, ताकि एक स्वस्थ और प्रगतिशील समाज का निर्माण सुनिश्चित हो सके।


