ग्राम रथ अभियान, जटियाना गांव में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के तहत किशनगढ़ बास विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जटियाना में मंगलवार को एलईडी मोबाइल वैन पहुंची। वैन के गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और योजनाओं से संबंधित जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना।
इस दौरान किशनगढ़ बास के पूर्व विधायक रामहेत यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं। उन्होंने बताया कि ग्राम रथ अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह के नवाचारपूर्ण अभियानों से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ रही है और लोगों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई प्रेरणा मिल रही है।
अभियान का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से ग्रामीण अंचलों तक पहुंचे और पात्र लाभार्थियों को उनका सीधा लाभ मिल सके। इस क्रम में एलईडी मोबाइल वैन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी सरल व सहज भाषा में प्रस्तुत की गई, जिससे ग्रामीणों में जागरूकता का स्तर उल्लेखनीय रूप से बढ़ा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें पहले कई योजनाओं की जानकारी नहीं थी, लेकिन इस पहल से अब वे विस्तृत जानकारी प्राप्त कर पा रहे हैं और योजनाओं से जुड़ने के प्रति उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना संभव होगा। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने उपस्थित अतिथिगण एवं जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।


