खौंखर ग्राम पंचायत में न्याय जागरूकता शिविर आयोजित, अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनंत भंडारी व सचिव मोहनलाल सोनी के आदेशानुसार ग्राम पंचायत खौंखर में न्याय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पैरालीगल स्वयंसेवक दीपक कुमार द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत नालसा थीम गीत “एक मुट्ठी आसमां” के साथ की गई।
शिविर में नालसा की “जागृति योजना 2025” के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय व्यवस्था को आमजन के करीब लाना है। वक्ताओं ने बताया कि यह पहल जमीनी स्तर पर सूचना और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सरपंच शांति देवी ने उपस्थित नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठजनों को उनके कानूनी अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा से संरक्षण, वरिष्ठ नागरिक संरक्षण कानून तथा निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांगजन एवं अनुसूचित जाति, जनजाति के लोग बिना किसी शुल्क के विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
वक्ताओं ने बताया कि “जागृति योजना” के तहत पंचायतों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामान्य सेवा केंद्रों के माध्यम से विधिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। पैरालीगल स्वयंसेवक और पैनल अधिवक्ता घर-घर जाकर लोगों को सहायता प्रदान कर रहे हैं।
शिविर में यह भी बताया गया कि नालसा द्वारा वर्ष 2025 में अन्य योजनाएं जैसे “स्पृहा”, “वीर परिवार सहायता योजना” एवं “डॉन” भी संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य विभिन्न वर्गों को कानूनी सहायता और पुनर्वास प्रदान करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सहायता दूरभाष नंबर, आवेदन प्रक्रिया एवं लोक अदालत के माध्यम से त्वरित समाधान की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पारदर्शिता तभी संभव है जब नागरिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और किसी भी अन्याय की स्थिति में विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें। अंत में ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और जनहितकारी पहल बताया।


