ग्राम रथ अभियान: गांवों तक पहुँच रहा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, पात्रजन हो रहे लाभान्वित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित 'ग्राम रथ अभियान' रविवार को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हुआ। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने न केवल योजनाओं की जानकारी ली, बल्कि मौके पर ही लाभान्वित भी हुए।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि रविवार को जिले की 16 ग्राम पंचायतों में विशेष एलईडी वैन (ग्राम रथ) पहुँची। इन रथों के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश ग्रामीणों को सुनाया गया। डिजिटल स्क्रीन पर 13 प्रमुख विभागों की योजनाओं का जीवंत प्रसारण किया गया, जिसे लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय लोक कलाकारों ने गीत, भजन और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से रोचक प्रस्तुतियाँ दीं। इन कार्यक्रमों के जरिए जटिल आवेदन प्रक्रियाओं को सरल भाषा में समझाया गया। मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने मार्गदर्शिका एवं प्रचार सामग्री वितरित कर ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया।
अभियान में पारदर्शिता और जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम रथ के साथ एक सुझाव पेटिका भी रखी गई है, जिसमें ग्रामीण अपना फीडबैक और सुझाव दर्ज करा रहे हैं।
अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है ताकि कृषकों और पशुपालकों को समृद्ध बनाया जा सके।
जिला कलक्टर ने आह्वान किया है कि ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक इस अभियान का अधिकाधिक लाभ उठाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।


