गम्भीर नदी पुल के जॉइंटों में गहरे गैप से बढ़ा हादसों का खतरा: टोल वसूली जारी, पर मरम्मत नदारद; जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग

May 10, 2026 - 21:03
 0
गम्भीर नदी पुल के जॉइंटों में गहरे गैप से बढ़ा हादसों का खतरा: टोल वसूली जारी, पर मरम्मत नदारद; जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग

वैर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) बयाना-ब्रह्मबाद सड़क मार्ग पर गम्भीर नदी के पुल के जॉइंटों के बीच बने गहरे गैप और बड़े-बड़े गड्ढों ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, वाहन खराब हो रहे हैं और कई लोग चोटिल हो रहे हैं। खासकर टेम्पू, ई-रिक्शा और छोटे वाहनों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि कई बार वाहन जॉइंटों में बने गड्ढों में फंसकर पलट जाते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है।

यह सड़क मार्ग बयाना से धौलपुर, रुदावल, रूपवास, बाड़ी और बसेड़ी सहित कई प्रमुख शहरों को जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। बावजूद इसके सड़क की मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि गम्भीर नदी से करीब 300 मीटर दूरी पर राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) द्वारा टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क और पुल के जॉइंटों की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

स्थानीय वाहन चालकों के अनुसार पुल के जॉइंटों के बीच इतना बड़ा गैप बन चुका है कि वाहन गुजरते समय तेज झटके लगते हैं। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाते समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर बने गड्ढों और टूटे जॉइंटों से वाहन उछलते हैं, जिससे मरीजों को दर्द और असुविधा का सामना करना पड़ता है।

टेम्पू चालक गिरधारी सिंघाड़ा ने बताया कि खराब सड़क के कारण उनके टेम्पू में आए दिन खराबी आ रही है। कई बार वाहन असंतुलित होकर पलट जाते हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन और विभागीय अधिकारी इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और पुल की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, लेकिन न तो पीडब्ल्यूडी विभाग और न ही आरएसआरडीसी द्वारा मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि टोल वसूली तो नियमित रूप से की जा रही है, लेकिन सड़क सुविधाओं के नाम पर वाहन चालकों को सिर्फ परेशानी मिल रही है।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गम्भीर नदी पुल के जॉइंटों की मरम्मत नहीं कराई गई और गड्ढों को नहीं भरा गया, तो आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से सड़क और पुल की मरम्मत कराई जाए।

वहीं वाहन चालकों का कहना है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के कारण किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जल्द समाधान कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................