उदयपुरवाटी जल संघर्ष समिति की बैठक संपन्न; पेयजल संकट सहित कई मुद्दों पर हुआ विचार विमर्श
उदयपुरवाटी/किशोरपुरा (सुमेर सिंह राव)। उदयपुरवाटी जल संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को अध्यक्ष नत्थू राम की अध्यक्षता में किशोरपुरा स्थित जगदम्बा टीवीएस एजेंसी पर आयोजित की गई। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के एईएन (AEN) अनुज गुप्ता और जेईएन (JEN) रोहिताश्व कुमार की मौजूदगी में क्षेत्र के दर्जनों गांवों के प्रतिनिधियों ने पेयजल किल्लत को लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
समिति के प्रतिनिधियों (ककराना, चंवरा, नेवरी, किशोरपुरा, गुढ़ा, दीपपुरा आदि) ने विभाग के समक्ष नई बोरिंग और टैंकर सप्लाई की मांग रखी। विशेष रूप से चंवरा की हरिजन बस्ती, शांति मार्केट, सुरपुरा में मालियों की ढाणी और मावता की बंजारा बस्ती में थ्री-फेस बोरिंग व टैंकरों से तुरंत जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
- चेतावनी: अस्वच्छ पानी मिला तो होगा आंदोलन:
समिति संयोजक एडवोकेट के.के. सैनी ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि पिछली बार कई क्षेत्रों में फ्लोराइड युक्त और अस्वच्छ पानी की सप्लाई हुई थी, जिससे लोग बीमार पड़ गए थे। उन्होंने कहा कि कुंभाराम लिफ्ट योजना की पाइपलाइन डालने के दौरान टूटी लाइनों को तत्काल ठीक किया जाए ताकि पानी की बर्बादी रुके। यदि समय रहते विभाग नहीं जागा, तो संघर्ष समिति जनता के साथ सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।
अध्यक्ष नत्थू राम ने वर्ष 2019 से 2025 तक जेजेएम (JJM) के कार्यों और गर्मियों में होने वाली टैंकर सप्लाई में हुई कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नए चुनाव होने तक नत्थू राम ही उदयपुरवाटी जल संघर्ष समिति के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। बैठक में किशोरपुरा सरपंच मोहन लाल, मदन मेघवाल, मोहनलाल (नेवरी), तेजा राम, शिवदान और शीश राम सहित दर्जनों ग्रामीण व विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
समिति की आगामी रणनीतिक बैठक 16 मई को उदयपुरवाटी के भैरू घाट पर आयोजित करना तय हुआ है।


