स्नातक प्रथम सेमेस्टर प्रवेश कार्यक्रम में संशोधन, रिक्त स्थानों के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं 21 जून तक
डीग (नीरज जैन) मास्टर आदित्येंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय,डीग में उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर के ऑनलाइन प्रवेश कार्यक्रम में संशोधन किया गया है।
प्राचार्य डॉ दिलीप सिंह ने बताया कि उन्होंने बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 19 जून तक महाविद्यालय में अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराने के साथ ई-मित्र के माध्यम से निर्धारित शुल्क जमा करा सकेंगे। इसके बाद 22 जून को प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची जारी की जाएगी, जबकि 23 जून को विद्यार्थियों का वर्ग निर्धारण एवं विषय आवंटन किया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि श्रेणीवार रिक्त सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जून से प्रारंभ हो चुकी है, जो 21 जून तक जारी रहेगी। प्राप्त आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन 22 जून तक किया जाएगा। इसके उपरांत 23 जून को प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन तथा ई-मित्र पोस्टिंग की प्रक्रिया 29 जून तक पूरी की जाएगी। अभ्यर्थी इसी दिन तक प्रवेश शुल्क भी जमा करा सकेंगे। रिक्त सीटों पर प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों की अंतिम सूची 30 जून को प्रकाशित की जाएगी।
प्राचार्य डॉ सिंह ने बताया कि नवप्रवेशित विद्यार्थियों का वर्ग निर्धारण एवं विषय आवंटन 1 जुलाई को किया जाएगा तथा इसी दिन से स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित शिक्षण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा।उन्होंने विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


