BCMO कार्यालय में ACB का बड़ा धमाका: 20 हजार की रिश्वत लेते अकाउंटेंट गिरफ्तार, गाड़ी का बिल पास करने के बदले मांगी थी रकम
कार्रवाई की भनक लगते ही BCMO डॉ. हार्दिक राजपुरोहित फरार, घर की तलाशी जारी
पाली (राजस्थान) पाली जिले के रोहट में रविवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) कार्यालय के संविदाकर्मी अकाउंटेंट को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इस मामले में रोहट बीसीएमओ की संलिप्तता भी सामने आई है, जो कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए। एसीबी की टीमें उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।
अप्रैल से जून तक का बिल पास करने की एवज में मांगी घूस
एसीबी पाली द्वितीय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) देरावरसिंह सोढ़ा ने बताया कि परिवादी की एक कार रोहट बीसीएमओ ऑफिस में किराए पर लगी हुई है। इस गाड़ी का अप्रैल से जून तक का किराया (बिल) बकाया चल रहा था। इस बकाया बिल को पास करने और गाड़ी के टेंडर को आगे भी जारी रखने के एवज में कार्यालय के अकाउंटेंट (संविदाकर्मी) देवकीनंदन शर्मा ने 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। परिवादी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी शिकायत एसीबी में दर्ज कराई।
दराज से बरामद हुए रिश्वत के रुपए
शिकायत का गोपनीय सत्यापन सही पाए जाने पर रविवार को जाल बिछाया गया। परिवादी जैसे ही रिश्वत की रकम लेकर बीसीएमओ कार्यालय की नई बिल्डिंग के प्रथम तल पर पहुंचा और अकाउंटेंट देवकीनंदन को रुपए दिए, वैसे ही पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी ने रिश्वत की राशि कार्यालय की एक लकड़ी की दराज में छुपा कर रखी थी, जिसे एसीबी ने मौके पर ही बरामद कर लिया।
बीसीएमओ के घर दी दबिश, आरोपी डॉक्टर फरार
जांच के घेरे में अधिकारी: एसीबी की प्रारंभिक पड़ताल और पूछताछ में सामने आया है कि इस भ्रष्टाचार के खेल में रोहट बीसीएमओ डॉ. हार्दिक राजपुरोहित की भी पूरी संलिप्तता थी। इसके बाद एसीबी जोधपुर शहर के प्रभारी व उप अधीक्षक (DySP) किशन सिंह के नेतृत्व में एक टीम डॉ. हार्दिक के आवास पर तलाशी लेने पहुंची। लेकिन कार्रवाई की भनक लगते ही डॉक्टर राजपुरोहित फरार होने में कामयाब रहे।
फिलहाल एसीबी ने अकाउंटेंट को हिरासत में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार बीसीएमओ की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


