बरसात पूर्व तैयारियों में लापरवाही नहीं बरते, जलभराव पर तय होगी जिम्मेदारी-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में बरसात पूर्व तैयारियों, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण तथा राज्य सरकार की बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी नालों की सफाई कराकर टीमों से निरीक्षण करवाया जाए। यदि कहीं जलभराव की समस्या पाई जाती है तो संबंधित शहरी निकाय के अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को बरसात से पूर्व सड़कों के पैचवर्क कार्य शीघ्र पूरा करने तथा जल संसाधन विभाग को सभी बांधों के गेट वाल्व की जांच कर आवश्यक स्थानों पर मिट्टी के कट्टे रखवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बरसात के दौरान सड़कों पर पानी बहता है, वहां सूचना पट्ट लगाए जाएं ताकि आमजन सुरक्षित रह सकें। उन्होंने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के तहत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में अनिवार्य रूप से भाग लेने, विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्रजनों को मौके पर लाभान्वित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी ग्रामीण सेवा शिविरों में विभाग से संबंधित जन समस्याओं तथा संपर्क पोर्टल के प्रकरणों का शिविरों में आमलोगों के बीच निस्तारण करने के साथ जानकारी भी दें। उन्होंने शिविरों में खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत रामहेत मीणा, जलदाय नरेन्द्र कुमार वर्मा, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर, पीएमओ डॉ. नगेन्द्र भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


