"छात्रों की सुरक्षा से समझौता नहीं, बिना फायर एनओसी रजिस्ट्रेशन वाले कोचिंग संस्थानों व लाइब्रेरी पर नगर निगम की बड़ी कारवाई
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर नगर निगम ने सख्त कार्यवाही शुरू कर दी है। नगर निगम की टीम ने बुधवार को विभिन्न कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का निरीक्षण कर फायर एनओसी एवं रजिस्ट्रेशन की जांच की।
नगर निगम अधिकारी निशा लखानी ने बताया कि कई संस्थानों में आवश्यक रजिस्ट्रेशन और फायर एनओसी नहीं पाई गई। ऐसे संस्थानों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों की पालना सुनिश्चित करना आवश्यक है।
वहीं फायर अधिकारी अमित मीणा ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए भवन में कम से कम दो सुरक्षित एग्जिट होना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन और सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। इसको लेकर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
फायर विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कारवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही जल्द ही बेसमेंट में संचालित संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इधर सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अलवर जिले के राजगढ सहित दर्जनों स्थानो पर बिना किसी कानूनी मान्यता के बेसमेंट,निजि भवनो मे धडल्ले के साथ अवैध कोचिंग, इन्स्टीटूयूट चल रहे हैं।लेकिन जिम्मेदार प्रशासन और विभाग किसी बडे हादसे की इंतजार मे है।


