वर्षों पुरानी कीचड़ व जलभराव की समस्या से मिलेगी निजात; भवनपुरा में लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को गति देने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भरतपुर उपखंड क्षेत्र के भवनपुरा में लगभग एक किलोमीटर लंबे मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही कीचड़ एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने बताया कि भवनपुरा क्षेत्र में लंबे समय से जल निकासी के अभाव और मार्ग पर हुए अतिक्रमण के कारण बरसात के दिनों में कीचड़ एवं जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती थी। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था तथा क्षेत्र के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद अब उक्त मार्ग पर 12 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही वर्षा जल की सुचारू निकासी सुनिश्चित करने के लिए नाली निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। सड़क एवं नाली निर्माण पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक हो सकेगा।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रशासन एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुई। मौके पर सहायक अभियंता संजना होलकर, तहसीलदार अजय पारीक, कनिष्ठ अभियंता कमल चौधरी, संबंधित पटवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग बनाए रखने तथा सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील करते हुए कहा कि जनहित में किए जा रहे ऐसे कार्यों से क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।


