बंजारा ने संभाला तखतगढ़ EO का पदभार, बोले— 'बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण पहली प्राथमिकता'
तखतगढ़ (बरकत खान) नवनिर्मित नगर पालिका तखतगढ़ में नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी (EO) महेंद्र बंजारा ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है। बंजारा के पदभार ग्रहण करने पर नगर पालिका स्टाफ, निवर्तमान अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने साफा व माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गौरतलब है कि इससे पहले बंजारा के पास रानी और तखतगढ़ दोनों निकायों का दोहरा कार्यभार (चार्ज) था, लेकिन अब उन्होंने पूर्ण रूप से तखतगढ़ का कार्यभार संभाल लिया है, जिससे कस्बे के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
- बुनियादी सुविधाओं और फंड के सही इस्तेमाल पर रहेगा जोर
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए ईओ महेंद्र बंजारा ने कस्बे के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्यान कस्बे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर रहेगा। इसके तहत सड़क, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। बंजारा ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और समानता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनसंख्या के अनुपात में सभी वार्डों के संतुलित विकास के लिए नगर पालिका के विशिष्ट फंड का सही उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही, सार्वजनिक हित के कार्यों में निजी फंड का सहयोग भी सुनिश्चित किया जाएगा।
- आमजन की समस्याओं का होगा शीघ्र समाधान
ईओ ने साफ किया कि प्रशासन का रवैया पूरी तरह से जनता के प्रति जवाबदेह होगा। आमजन को अपनी समस्याओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और सभी शिकायतों का समयबद्ध व त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष ललित रांकावत, उपाध्यक्ष एडवोकेट मनोज नामा, पीडब्ल्यूडी जेईएन तनवीर सिंह (फालना), प्रशासनिक अधिकारी रतन साखला, निवर्तमान पार्षद देवाराम चौधरी, राजेश कुमावत, मुकेश सुथार, दिनेश कुमावत सहित नगर पालिका के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नए ईओ को बधाई देते हुए कस्बे के विकास में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।


