ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप बना परिवार के लिए राहत; राशन कार्ड संबंधी समस्या का हुआ त्वरित समाधान
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप 2026 आमजन की लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। ग्राम पंचायत भदीरा में आयोजित फॉलोअप शिविर में ग्राम भदीरा, तहसील नदबई निवासी रामवीर पुत्र पून्या की महत्वपूर्ण समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया।
रामवीर की दोनों पुत्रियों के नाम पूर्व राशन कार्ड में दर्ज थे, जिसके कारण नए राशन कार्ड में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाई आ रही थी। रामवीर ने अपनी समस्या फॉलोअप शिविर में उपखंड अधिकारी सचिन यादव एवं संबधित अधिकारियों के समक्ष रखी।
शिविर में उपखंड अधिकारी ने प्रकरण का त्वरित निस्तारण करते हुए उनकी दोनों पुत्रियों के नाम राशन कार्ड से पृथक कर दिए। अब उनके नाम नए राशन कार्ड में जोड़े जा सकेंगे, जिससे वे पात्रतानुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।
समस्या का शीघ्र समाधान होने पर रामवीर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप के माध्यम से बिना अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाए उनकी समस्या का समाधान हो गया। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

