भरतपुर में ACB एसीबी कार्रवाई:नौकरी लगवाने के नाम पर खुद की 'नौकरी' ले डूबा रिश्वतखोर
ACB की बड़ी कार्रवाई: भरतपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते सुपरवाइजर गिरफ्तार
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) । प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत करौली भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भरतपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने जनाना अस्पताल स्थित ब्लड स्टोरेज यूनिट में जाल बिछाकर ए-1 प्लेसमेंट एजेंसी के सुपरवाइजर रामकुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
नौकरी के बदले 30 हजार का 'सौदा' जानकारी के अनुसार, आरोपी रामकुमार जो कि एक लैब टेक्नीशियन के रूप में ठेकेदार के अधीन कार्यरत था, वह अस्पताल में ट्रॉली पुलर के पदों पर होने वाली भर्ती और दस्तावेजों की जांच का काम संभाल रहा था। आरोपी ने एक बेरोजगार युवक (परिवादी) से ट्रॉली पुलर की नौकरी लगवाने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की थी। परिवादी भ्रष्टाचार के आगे झुका नहीं और उसने इसकी शिकायत करौली एसीबी कार्यालय में दर्ज करा दी।
ब्लड बैंक में बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, जो पूरी तरह सही पाया गया। इसके बाद करौली एसीबी के पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। योजना के अनुसार, परिवादी जैसे ही रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये लेकर जनाना अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचा, वहां पहले से ही एसीबी के जवान सादे कपड़ों में तैनात थे। आरोपी रामकुमार ने जैसे ही रिश्वत की राशि अपने हाथ में ली और कमरे से बाहर निकला, इशारा मिलते ही टीम ने उसे दबोच लिया।
जांच जारी, खुल सकते हैं कई और राज एसीबी की इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर और ठेके पर काम करने वाली एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। एसीबी टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पूर्व में भी किसी और से नौकरी के नाम पर वसूली की है और क्या इस भ्रष्टाचार के खेल में कोई और बड़े चेहरे शामिल हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।