भीलवाड़ा में बेखौफ बदमाश: खेत जा रहे दंपती को कार से मारी टक्कर, मारपीट कर सोने का मांदलिया लूटा
भीलवाड़ा। जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साथलियास गांव में आज सुबह-सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां खेत पर जा रहे एक दंपती को कार सवार दो बदमाशों ने पहले पीछे से टक्कर मारी, फिर कार से उतरकर पति के साथ जमकर मारपीट की और गले से सोने की रामनामी व मांदलिया लूटकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, साथलियास गांव निवासी राजेश जोशी (46) पुत्र बद्रीलाल जोशी आज सुबह करीब 5:30 बजे अपनी पत्नी के साथ खेत पर गायों का दूध निकालने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक इंडिका कार में सवार दो युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर मारने के बाद की मारपीट और लूट: टक्कर लगने से दंपती सड़क पर गिर गए। इसके तुरंत बाद कार सवार दोनों बदमाश नीचे उतरे और राजेश जोशी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उनके गले में पहना सोने का मांदलिया और रामनामी झपट ली और मौका-ए-वारदात से गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गए।
महात्मा गांधी अस्पताल रेफर, पुलिस ने दर्ज किए बयान: घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे। पीड़ित की पत्नी और परिजन घायल राजेश को तुरंत गंगापुर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर गंगापुर थाना पुलिस महात्मा गांधी अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।

