सावन के पहले सोमवार पर शिवभक्ति की बयार: सुबह से दोपहर तक जल और पंचामृत अभिषेक के लिए लगी कतारें
रामगढ़ (अलवर) राधेश्याम गेरा
सावन मास के प्रथम सोमवार को उपखण्ड क्षेत्र के तमाम शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का पूजन और जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "जय भोलेनाथ" के जयकारों से गुंजायमान रहे।
रामगढ़ उपखण्ड के कस्बा अलावडा स्थित रामलीला मैदान के पास बने प्राचीन शिव मंदिर में सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो दोपहर 2 बजे तक अनवरत जारी रहीं। नित्य दर्शनार्थियों के साथ-साथ सावन सोमवार का व्रत रखने वाले शिव भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध और पंचामृत अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन माह में भगवान शिव और माता पार्वती का अभिषेक करने का विशेष महत्व है। मंदिर के पंडित सुनील वशिष्ठ ने बताया कि भोलेनाथ अत्यंत दयालु हैं और सावन में केवल सच्चे मन से जल या पंचामृत अर्पित करने से ही प्रसन्न होकर भक्तों को मनोवांछित वरदान दे देते हैं। उन्होंने बताया कि कुंवारी कन्याएं भी अच्छे वर और शीघ्र विवाह की कामना के लिए सावन सोमवार का व्रत रखकर विशेष पूजा-अर्चना कर रही हैं। क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में भी दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी रहा।

