लक्ष्मणगढ़ से हरिद्वार के लिए श्री शिव सेवा समिति की 18वीं डाक कांवड़ यात्रा रवाना, बिना रुके गंगाजल लाकर करेंगे जलाभिषेक
लक्ष्मणगढ़ (अलवर)कमलेश जैन। सावन मास के पावन अवसर पर उपखंड क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। लक्ष्मणगढ़ से हरिद्वार के लिए जाने वाली 18वीं वार्षिक डाक कांवड़ यात्रा पूरे विधि-विधान, आस्था और उत्साह के साथ रवाना हुई। भगवा वस्त्र धारण किए शिव भक्त हाथों में धार्मिक निशान और डाक कांवड़ लेकर हरिद्वार के लिए प्रस्थान कर गए। यात्रा की रवानगी के दौरान 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के उद्घोष से पूरा कस्बा गुंजायमान हो उठा।
यात्रा संयोजक रवि शर्मा ने बताया कि यह 18वीं डाक कांवड़ यात्रा क्षेत्र, देश और पूरे विश्व के कल्याण की कामना के साथ आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि डाक कांवड़ यात्रा एक अत्यंत कठिन, अनुशासित और तेज गति से चलने वाली धार्मिक साधना है।
हरिद्वार पहुँचकर पवित्र गंगाजल उठाने के बाद शिव भक्त रास्ते में कहीं भी विश्राम नहीं करेंगे। कांवड़िए लगातार दौड़ते हुए और वाहनों के साथ निर्धारित समय के भीतर 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि के दिन वापस लक्ष्मणगढ़ पहुँचेंगे। इसके बाद स्थानीय शिवालयों में गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से कांवड़ यात्राओं का दौर 30 जुलाई से जारी है और विभिन्न जत्थे अपनी परंपरा अनुसार हरिद्वार रवाना हो रहे हैं।

