स्वदेशी जागरण मंच की पहल: भीलवाड़ा में 'स्वावलंबी अभियान' की शुरुआत, लिया स्वदेशी अपनाने का संकल्प
राजेंद्र मार्ग विद्यालय में शंख ध्वनि के साथ गूंजा स्वदेशी का संदेश: 'मैं भी स्वदेशी का समर्थक' अभियान का शुभारंभ
भीलवाड़ा (बद्रीलाल माली)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र मार्ग, भीलवाड़ा में स्वदेशी जागरण मंच की ओर से संचालित स्वावलंबी अभियान 'मैं भी स्वदेशी का समर्थक' का शंखनाद शंख ध्वनि के साथ भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने अतिथियों व पदाधिकारियों का परंपरा अनुसार उपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एम.एल.वी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भगवती लाल जागेटिया ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में शिक्षकों व विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने और देश को स्वावलंबी बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संत मनोरथ राम जी महाराज (आलोट, रतलाम) ने स्वदेशी भावना के साथ-साथ 'वसुधैव कुटुंबकम्' के सनातन सिद्धांत और सामाजिक सद्भावना पर बल दिया।
मुख्य वक्ता चित्तौड़ प्रांत सह संयोजक डॉ. देवीलाल साहू ने ओजस्वी भाषण से देशभक्ति का संचार करते हुए सभी को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलवाया। इस अवसर पर प्रांत पर्यावरण प्रमुख महेश नवहाल, प्रांत सह संयोजक ज्योति वर्मा एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता रोशन लाल पितलिया विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अंकित उपाध्याय, प्राध्यापक राजेश कुमार शर्मा, सुरेंद्र सिंह चौहान, धीरज जोशी, विक्रम चौधरी सहित स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी त्रिलोक श्रोत्रिय, अनुज कुमार नवहाल, लादू लाल खोईवाल, श्यामलाल डोलिया एवं शिक्षक-छात्र उपस्थित रहे। मीडिया कवरेज की जानकारी प्राध्यापक सत्येंद्र माली द्वारा दी गई।

