'आने वाली पीढ़ियों के लिए पेड़ लगाना जरूरी': खैरथल नवोदय विद्यालय में न्यायिक अधिकारियों ने रोपे छायादार और औषधीय पौधे
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खैरथल में वृक्षारोपण अभियान: न्यायिक अधिकारियों ने रोपे पौधे, लिया देखभाल का संकल्प
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल-तिजारा द्वारा शुक्रवार को 'पीएम श्री स्कूल' जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) शैलेंद्र व्यास की अध्यक्षता और सचिव अजीत कुड़ी के निर्देशन में यह हरित पहल संपन्न हुई।
परिसर में रोपे गए औषधीय और छायादार पौधे पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में कल्पवृक्ष, कदम, पिलखन, मोरिंगा, बेलपत्र एवं आम जैसी विभिन्न छायादार और औषधीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों व विद्यालय परिवार ने लगाए गए पौधों के नियमित संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी का भी संकल्प लिया।
"प्रत्येक नागरिक जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाए" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास ने कहा कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा, "पर्यावरण संरक्षण के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए।"
वहीं, प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी ने कहा कि पौधारोपण का वास्तविक उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनाने तक उनका संरक्षण करना है।
न्यायिक अधिकारियों और विद्यालय परिवार ने निभाई भागीदारी इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संख्या-02 (किशनगढ़बास) जगदीश मीना, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (खैरथल) सीमा कुमारी, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 (किशनगढ़बास) डॉ. सुरभि सिंह, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट (खैरथल) खुशबू कंवरिया तथा नवोदय विद्यालय के प्राचार्य के. आर. मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण कर समाज को पर्यावरण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

