सरिस्का वन क्षेत्र में अतिक्रमण पर वन विभाग का बड़ा एक्शन: कालीखोल में बनाए गए आधा दर्जन अवैध बाड़े किए ध्वस्त
अलवर (अनिल गुप्ता)। सरिस्का टाइगर रिजर्व और उससे सटे वन क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए वन विभाग ने अपना कड़ा रुख अपना लिया है। अलवर जिले की अकबरपुर रेंज के नाका सदर बीट स्थित कालीखोल क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने एक विशेष अभियान चलाकर प्रतिबंधित वन भूमि पर बने आधा दर्जन से अधिक अवैध बाड़ों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
विशेष अभियान चलाकर की गई कार्रवाई प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाका सदर बीट के कालीखोल वन क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों द्वारा मवेशियों को चराने और अवैध रूप से रखने के उद्देश्य से वन भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। वहां तिरपाल, बांस और बल्लियों की मदद से अवैध रूप से करीब आधा दर्जन बाड़े बना लिए गए थे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की और सभी अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया।
वन भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त कार्रवाई के दौरान वन कर्मियों ने मौके पर लगे तिरपाल, बांस और बल्लियों को उखाड़कर जब्त कर लिया और क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया। वन अधिकारियों का कहना है कि सरिस्का और उसके आसपास के संवेदनशील वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगल के संरक्षण के लिए इस प्रकार के अवैध निर्माण और अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा अभियान वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोबारा किसी ने वन क्षेत्र में अवैध रूप से बाड़े बनाने या अतिक्रमण करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

