वैर थाना क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से हादसा: जान बचाकर भाग रहा किसान 50 फीट गहरे कुएं में गिरा, दर्दनाक मौत
भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र स्थित गोठरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। बगीचे में नींबू तोड़ने गए 50 वर्षीय किसान पूरन पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए बदहवास होकर भागते समय किसान का संतुलन बिगड़ गया और वह पास ही बने करीब 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बगीचे में पार्टनर के साथ नींबू तोड़ने गया था किसान
प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के साझेदार योगेश ने बताया कि उसने और पूरन ने मिलकर नींबू का बाग पार्टनरशिप पर ले रखा था। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे दोनों बाग में नींबू तोड़ रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए योगेश गांव की तरफ भागा, जबकि पूरन दूसरी दिशा में भागने लगा।
एक घंटे बाद कुएं में मिला शव
घटना के लगभग एक घंटे बाद जब योगेश वापस बगीचे में पहुंचा और पूरन को तलाशने लगा, तो वह कहीं नजर नहीं आया। जब उसने पास के कुएं में झांककर देखा तो पूरन का शव पानी में पड़ा था। योगेश ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही वैर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
वैर थानाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में मधुमक्खियों के हमले के बाद भागने के दौरान कुएं में गिरने से मौत होना सामने आया है। मृतक पूरन के परिवार में उसकी पत्नी संतरा देवी और पांच बच्चे हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटे और एक बेटी अभी अविवाहित हैं। दोनों बेटे खेती में पिता का हाथ बंटाते थे। पूरन की अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

