तखतगढ़ में 'किंगमेकर' बने निर्दलीय:25 सीटों में भाजपा 12 तो कांग्रेस 8 पर सिमटी; बहुमत के लिए 13 का आंकड़ा जरूरी
तखतगढ़ (पाली) बरकत खा।
तखतगढ़ नगर पालिका चुनाव 2026 के नतीजे सामने आने के बाद स्थानीय बाजारों और चौपालों पर सियासी गर्माहट चरम पर है। कुल 25 वार्डों में त्रिशंकु परिणाम आने के बाद अब अध्यक्ष (चेयरमैन) पद की कुर्सी की चाबी 5 निर्दलीय प्रत्याशियों के हाथ में आ गई है।
पालिका में स्पष्ट बहुमत और बोर्ड बनाने के लिए 13 सीटों का आंकड़ा आवश्यक है। चुनावी आंकड़ों के अनुसार:
-
भाजपा: 12 सीटें (बहुमत से केवल 1 सीट दूर)
-
कांग्रेस: 08 सीटें (बहुमत के लिए 5 सीटों की दरकार)
-
निर्दलीय: 05 सीटें (निर्णायक भूमिका में)
बाज़ार के चौक-चौराहों पर जोड़-तोड़ की चर्चाएं
तखतगढ़ के मुख्य बाजार और व्यापारिक हलकों में इस बात को लेकर कयासबाजी का दौर जारी है कि ये 5 निर्दलीय पार्षद किस पाले में जाएंगे। भाजपा जहां महज 1 निर्दलीय के समर्थन से आसानी से अपना बोर्ड बनाने का दावा कर रही है, वहीं कांग्रेस भी सभी 5 निर्दलीयों को एकजुट कर बड़े उलटफेर की जुगत में लगी हुई है।
21 सितंबर को होने वाले अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तारीख करीब आते ही दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने बाड़ाबंदी और बातचीत का सिलसिला तेज कर दिया है। फिलहाल पूरा तखतगढ़ बाजार इस उत्सुकता में है कि ऊंट किस करवट बैठता है।

